चुनिंदा ब्लैक बेल्ट और सीनियर प्रशिक्षकों को बांटे गए आईडी कार्ड व सर्टिफिकेट
भिलाई- फुल कॉन्टेक्ट कराते की प्रतिष्ठित संस्था ‘कारा कु जु बो काई कान फुल कॉन्टेक्ट कराते’ का द्वितीय एडमिनिस्ट्रेटीव सेमिनार होटल फ्लोरेट सुपेला, भिलाई में भव्यता के साथ संपन्न हुआ. इस विशेष सेमिनार का आयोजन मार्शल आर्ट्स के ख्याति प्राप्त प्रशिक्षक व संस्था के डायरेक्टर सेन्साई गिरी राव द्वारा किया गया.
गणेश पूजन से शुरुआत, प्रशिक्षकों को मिले आईडी कार्ड
कार्यक्रम का गरिमामय शुभारंभ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. सेमिनार के दौरान संस्था से जुड़े फुल कॉन्टेक्ट कराते के चुनिंदा 7 पुरुष व 4 महिला ब्लैक बेल्ट सिम्पाई और सीनियर कलर बेल्ट प्रशिक्षकों का आधिकारिक परिचय कराते हुए उन्हें आईडी कार्ड पहनाया गया.
सेमिनार में मुख्य रूप से वरिष्ठ प्रशिक्षक अरविंद चंदेल, दीपक गुप्ता, भरतलाल साहू, श्रवन साहू, दीपेश आहुजा, कु. काजल बेहरा, कु. विधि मिश्रा, विपिन दहाते, अमरकांत तिवारी, महक फातिमा और निशा यादव शामिल हुए.

दो सत्रों में हुआ आयोजन; अनुशासन और मीटिंग एटीकेट्स पर चर्चा
प्रथम सत्र (अतिथि वक्ता): इस सत्र में पहुंचे प्रबुद्ध अतिथियों ने अपने विचार साझा किए. वक्ताओं ने संस्था के भविष्य में बेहतर संचालन, विस्तार और कुशल प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण व व्यावहारिक सुझाव दिए.
द्वितीय सत्र (ट्रेनिंग व अनुशासन): इस सत्र में संस्था के डायरेक्टर सेन्साई गिरी राव ने सभी प्रशिक्षकों को मार्शल आर्ट्स संस्था के बेहतर संचालन के लिए जरूरी कड़े अनुशासन, सेमिनार और ‘मीटिंग एटीकेट्स’ की विस्तृत जानकारी दी. सत्र के अंत में सभी प्रशिक्षकों को आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
अतिथियों ने कहा—मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में यह बेहद आवश्यक पहल
सेमिनार में पहुंचे तमाम विशिष्ट अतिथियों ने सेन्साई गिरी राव द्वारा मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में शुरू की गई इस नई पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल खेल ही नहीं, बल्कि खेल संस्थाओं को अनुशासित और कॉर्पोरेट तरीके से चलाने का प्रबंधन सिखाना आज के समय में बहुत आवश्यक और महत्वपूर्ण है.

कार्यक्रम में शामिल प्रमुख अतिथि वक्ता
सेमिनार को संबोधित करने और प्रशिक्षकों का हौसला बढ़ाने के लिए एम. राजीव (असिस्टेंट जीएसटी कमिश्नर, छत्तीसगढ़), तिमीर भट्टाचार्य (पूर्व असिस्टेंट डायरेक्टर, प्रवर्तन निदेशालय – ED), धीरज बाकलीवाल (पूर्व महापौर व जिला कांग्रेस अध्यक्ष, दुर्ग), वाय. राजेन्द्र राव (छत्तीसगढ़ हेड, रेड क्रॉस सोसायटी), एच. एस. मिश्रा (अध्यक्ष, HMS यूनियन), पलाश जयसवाल (प्राचार्य, श्री नारायण गुरु गुरुकुल स्कूल, नेहरू नगर), बालमुकुन्द चंद्राकर (डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल, दुर्ग कोर्ट), सन्तोष कसार (असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल, दुर्ग कोर्ट), अशोक रेंगे (पूर्व अध्यक्ष व ब्रांच मैनेजर, यूको बैंक), मलय बेनर्जी (वरिष्ठ मीडिया कर्मी, रायपुर), मो. शहजाद भाई एवं आनंद झा जी (प्रशंसक एवं खेलप्रेमी) मुख्य रूप से शामिल रहे.
