फॉर्म हाउस में सजी थी जुआरियों की महफिल: पुलिस ने मारा पर छापा, लाखों कैश और लग्जरी गाड़ियां जब्त
बिलासपुर- कोनी थाना पुलिस ने एक फॉर्म हाउस में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे पर दबिश देकर शहर के 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से लाखों रुपये की नगदी, कई महंगे मोबाइल फोन और कारें बरामद की हैं. बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देश के बाद कोनी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म में लंबे समय से हाई-प्रोफाइल स्तर पर जुआ फड़ संचालित होने की सूचनाएं मिल रही थीं. पुख्ता जानकारी और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से फॉर्म हाउस की घेराबंदी की और अचानक छापा मार दिया. पुलिस की इस औचक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस ने घेराबंदी कर वहां मौजूद सभी 8 जुआरियों को धर दबोचा. जुआ फड़ से जप्त किए गए सामान और वाहनों की कीमत से यह साफ जाहिर होता है कि यहाँ बड़े पैमाने पर दांव लगाए जा रहे थे:
नगद राशि: ₹3,80,000/- (तीन लाख अस्सी हजार रुपये) नगद.
लग्जरी वाहन: जुआरियों की 05 कारें.
मोबाइल फोन: आरोपियों के पास से 11 नग स्मार्टफोन.
मामले की गंभीरता और जुआरियों के रसूख को देखते हुए, SSP के निर्देशन पर कोनी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है. पुलिस ने सभी 8 आरोपियों के खिलाफ सख्त जुआ एक्ट और गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया है, जिससे आरोपियों को आसानी से बेल न मिल सके.
