पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूट, भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा, बोले- ‘सुशासन पर तमाचा’
रायपुर- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे और राजधानी में हाई अलर्ट के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बाइक सवार बदमाश मॉर्निंग वॉक के दौरान उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, धरमलाल कौशिक सुबह करीब 8 बजे टहलने निकले थे. इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है. राजधानी में वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें.” उन्होंने लिखा कि अभी सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता, बिल्हा विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक के साथ आज मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन में लूटपाट हो गई है, चोर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए. सोचिए जरा! जब देश के गृहमंत्री अमित शाह जी छत्तीसगढ़ में हैं, उस समय “मॉर्निंग वॉक” के दौरान ऐसी घटना कथित “सुशासन” पर तमाचा है.
विज्ञापनजीवी सरकार को अब तक समझ जाना चाहिए कि “सुशासन तिहार” नाम की चाशनी लपेटने से कड़वी सच्चाई का स्वाद नहीं बदलेगा. हर तरफ़ चोरी, चाकूबाज़ी, हत्या, लूटपाट की घटनाएँ चरम पर हैं. साथ ही प्रदेश के सबसे निकम्मे गृहमंत्री रीलबाज़ी और स्वागतबाज़ी में व्यस्त हैं.
https://x.com/bhupeshbaghel/status/2056260178740432944?s=20
