विस्तार के लिए पार्षद निधि से 50,000 रुपये स्वीकृत
भिलाई- रिसाली सेक्टर स्थित ईशर-गौरा देव स्थल के विस्तार और सुंदरीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. आदिवासी विकास परिषद जिला-दुर्ग के जिलाध्यक्ष व क्षेत्रीय पार्षद चंद्रभान सिंह ठाकुर ने इस देव स्थल के विकास के लिए अपनी पार्षद निधि से 50,000 रुपये की अनुशंसा की है. उन्होंने इससे संबंधित अनुशंसा पत्र औपचारिक रूप से समिति को सौंप दिया है.

सांस्कृतिक धरोहर और आस्था को मिलेगी मजबूती
आयोजित बैठक में देव स्थल के रखरखाव, भविष्य की योजनाओं और विस्तार कार्य के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि यह देव स्थल छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और आदिवासी समाज की आस्था का एक बेहद महत्वपूर्ण केंद्र है. इसके विस्तार से स्थानीय समुदाय की आस्था, सांस्कृतिक गतिविधियों और सदियों पुरानी परंपराओं को और अधिक मजबूती मिलेगी.
पूजा-अर्चना के साथ समाज के प्रमुख लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम की शुरुआत में समाज के लोगों ने देव स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाज से विशेष पूजा-अर्चना की. इस गरिमामय अवसर पर आदिवासी विकास परिषद की प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकला तारम, प्रदेश कोषाध्यक्ष शान्तनु मरकाम,गोंडवाना समृद्धि के महासचिव बसंत नेताम उपस्थित रहे.
इस अवसर पर महिलाध्यक्ष ज्योति ध्रुव, भिलाई हल्बा समाज की महिलाध्यक्ष चंद्रिका रावत, पार्षद जमुना ठाकुर, समाजसेवी अश्लेष मरावी, उमा सिंह, दिनेश्वरी भुआर्य सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे.
