खनिज माफियाओं पर सख्ती, अवैध गिट्टी परिवहन करते चार हाइवा वाहन जब्त
रायपुर- प्रदेश में खनिज संपदा के संरक्षण और अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में बलरामपुर जिले के बलरामपुर एवं पस्ता क्षेत्र में खनिज विभाग और संयुक्त टीम द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन करते पाए गए चार हाइवा वाहनों को जब्त किया गया. जांच के दौरान संबंधित वाहन चालकों द्वारा आवश्यक दस्तावेज एवं वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की गई.
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से नियमित निगरानी, जांच एवं संयुक्त अभियान संचालित किए जा रहे हैं. प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष मॉनिटरिंग करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.
राज्य सरकार का उद्देश्य केवल अवैध खनन पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी है. इसके लिए खनिज विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन समन्वय स्थापित कर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं.
प्रदेश में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
