कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, प्रदेश में कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं
रायपुर- प्रदेश में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि राज्य में आम नागरिक, व्यापारी, महिलाएं और छात्राएं कोई भी सुरक्षित नहीं है. अब तो पुलिस अधिकारियों के परिजन भी सोशल मीडिया में न्याय की गुहार लगा रहे हैं. विगत 24 घंटे के भीतर राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो-दो घटनाएं हुई, तेलीबांधा में एक व्यापारी को सरेआम चाकू मार दिया गया, राजधानी के ही सेजबहार में एक परिवार रात में कहीं से वापस आ रहा था, रास्ते में पेट्रोल खत्म हो गया, किसी परिचित से उन्होंने पेट्रोल लाने कहा वे लोग इंतजार कर ही रहे थे, उसी समय चार-पांच गुंडे वहां आ गए उन्होंने परिवार की महिलाओं से छेड़खानी शुरू कर दी, उनके कपड़े फाड़े गये जब परिवार के मुखिया ने विरोध किया तो उसके ऊपर डंडे और चाकू से प्रहार किया गया, परिवार भाग कर झाड़ी में छुप गए और रात भर वही छुपे रहने मजबूर रहे. गुंडे बदमाशों में कानून और प्रशासन का डर खत्म हो चुका है, भयमुक्त वातावरण देने में भाजपा की सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है.
श्री शुक्ला ने कहा है कि भाजपा सरकार में आम व्यक्ति तो दूर पुलिस अधिकारियों के परिजन भी सुरक्षित नहीं है. डीएसपी की बेटी, आदिवासी संस्कृति पर कंटेंट बनाने वाली, एक आदिवासी छात्रा निवेदिता मांडवी को सोशल मीडिया पर गैंगरेप की धमकी मिल रही हैं. आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में गुंडे, मवालियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आदिवासी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. पुलिस में शिकायत के बावजूद, पुलिस अधिकारी की बेटी के रिपोर्ट पर ही कार्यवाही में देरी हो रही है, क्या यही कानून का राज है?
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के संरक्षण में ही अपराधी फल फूल रहे हैं और इसी कारण से अपराध बढ़ गया है. विगत दिनों कांकेर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पर दैहिक शोषण और दुष्कर्म का आरोप लगा, उस मामले में भी आज तक एफआईआर तक नहीं लिखी गई, उल्टे पीड़ित को ही प्रताड़ित करके डराया जा रहा है. सुशासन का ढोंग करने वाली भाजपा की सरकार नाबालिक के यौन शोषण करने वाले पॉक्सो के आरोपी और रिश्ता की मर्यादा को कलंकित करने वाले भाजपाई को युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से नवाजा गया है. समोदा अफीम खेती के मुख्य आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को अब तक पार्टी से बाहर नहीं किया गया. बेहद स्पष्ट है कि भाजपा सरकार का संरक्षण अपराधियों को है.
