फर्जी निवेश योजना का भंडाफोड़: रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 38.25 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग- जिले में फर्जी निवेश योजना के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी धमेंद्र कुमार बंजारे को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
टीआई प्रशांत मिश्रा के अनुसार, संतराबाड़ी निवासी जयदीप सिंह को A-M-S Solution एवं M/s R-V Group Company के नाम से तीन माह में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया. आरोपी ने झांसे में लेकर पीड़ित से कुल 38.25 लाख रुपये का निवेश करा लिया. समय पर रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को रायपुर के सड्डू क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी तरह से जांच-पड़ताल कर लें. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि साइबर और आर्थिक अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा सके.
