आरोपी पहचान छिपाने के लिए बार-बार बदल रहे थे कपड़े
तीन बैंक खाते फ्रीज, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन भी जप्त
रायपुर- राजधानी के सिविल लाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास हुए 53 लाख रुपये की बड़ी उठाईगिरी (चोरी) के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पूरी रकम और वारदात में प्रयुक्त वाहन व मोबाइल बरामद कर लिए हैं. आरोपियों ने चोरी के इस माल को अपने घरों में गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखा था.
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी किशोर बलवानी निवासी शैलेन्द्र नगर कोतवाली, ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है, जिसका वह संचालन करता है. प्रार्थी दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को 11ः40 बजे घर से अपनी एक्टिवा के सामने के पायदान पर सफेद रंग के कपड़े के बैग में नगद रखकर अपनी दुकान जा रहा था. करीब 11ः45 बजे अप्पू पान ठेला के सामने, संत कंवर राम चौक, कटोरा तालाब में अपनी वाहन खड़ी कर पान खाने दुकान में गया. पान खाकर वापस लौटा तो देखा कि उसकी एक्टिवा के सामने के पायदान पर रखा सफेद रंग के कपड़े का बैग, जिसमें नगद रखें थे, नहीं था. कोई अज्ञात चोर प्रार्थी की एक्टिवा के सामने के पायदान पर रखे सफेद रंग के कपड़े के बैग सहित नगदी रकम चोरी कर ले गया. प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 535/26 धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना की जांच प्रारंभ की गई. टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई तथा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया. साथ ही, आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किया गया.
तरीका वारदात के आधार पर पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए व्यक्तियों के संबंध में जानकारी एकत्र कर उनका तस्दीक किया गया, साथ ही अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी विश्लेषण किया गया.
जांच के दौरान सीसीटीव्ही फुटेज में बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जो वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होते नजर आए. पुलिस टीम ने आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों पर लगे हजारों सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले तथा एक कैमरे से दूसरे कैमरे के फुटेज का क्रमवार विश्लेषण करते हुए उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया.
पहचान छुपाने बार-बार बदल रहे थे कपड़े
फुटेज के सूक्ष्म अवलोकन में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से बार-बार कपड़े बदल रहे थे तथा ऐसे रास्तों का उपयोग कर रहे थे, जहां सीसीटीव्ही कैमरों की निगरानी नहीं थी. सभी तथ्यों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपियों की पहचान करने में सफलता प्राप्त की गई. आरोपियों की पहचान कमलेश कुशवाहा एवं मनीष यदु के रूप में हुई तथा दोनों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने प्रार्थी की एक्टिवा के सामने रखे कपड़े के बैग सहित नगदी रकम चोरी करने की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया.
एक हफ्ते से कर रहे थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से प्रार्थी का पीछा कर उसकी रेकी कर रहे थे तथा उसकी दैनिक गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. वे प्रार्थी के घर से दुकान आने-जाने एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटा रहे थे. 09 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी के घर से निकलते ही दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया और कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास मौका पाकर उसकी एक्टिवा के सामने रखे सफेद कपड़े के बैग में रखी नगदी रकम को चोरी कर फरार हो गए.
गीजर और बच्चों के खिलौनों से बरामद हुई नकदी
आरोपियों ने चोरी/उठाईगिरी की नगदी रकम को अपने घर में गीजर के अंदर, टीवी के पीछे तथा बच्चों के खिलौनों के अंदर छिपाकर रखा था. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कुल 53 लाख रुपये नगद बरामद किया गया है, आरोपियों द्वारा चोरी की रकम का कुछ हिस्सा अपने तीन बैंक खातों में भी जमा कराया गया था, जिन्हें फ्रीज कराया गया है. इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल एवं 02 नग मोबाइल फोन जुमला कीमती लगभग 54,00,000/- (चौवन लाख रुपये) जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई.
आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी मनीष यदु जुआ एवं सट्टा खेलने का आदी है तथा उसके विरुद्ध थाना सिविल लाईन में मारपीट एवं जुआ एक्ट के प्रकरण दर्ज रहे हैं, जिनमें वह जेल निरुद्ध रह चुका है. इसके अतिरिक्त, वर्ष 2012 में आरोपी मनीष यदु द्वारा थाना आजाद चौक में नगद रकम लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसमें भी उसके विरुद्ध कार्यवाही की गई थी. वहीं दूसरा आरोपी कमलेश कुशवाहा पूर्व में थाना सिविल लाइन के मारपीट संबंधी प्रकरण में गिरफ्तार होकर जेल निरुद्ध रह चुका है.
गिरफ्तार आरोपी
- मनीष यदु पिता शत्रुघन लाल यदु उम्र 39 साल निवासी गुरु कृपा किराना स्टोर के पास सेक्टर 02 डी.डी. नगर, थाना डी. डी. नगर रायपुर.
- कमलेश कुशवाहा पिता शिवनाथ कुशवाहा उम्र 36 साल निवासी भारत माता स्कूल चर्च के पास टाटीबंध थाना आमानाका रायपुर.
