पत्रवार्ता में दीपक बैज ने लगाया आरोप
रायपुर- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रवार्ता में कहा कि वर्ष 2026 को कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन सृजन का वर्ष घोषित किया है. छत्तीसगढ़ में भी संगठन सृजन के माध्यम से जिला अध्यक्षों, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों का भी चयन हो चुका है. जिला एवं ब्लाक स्तर की कार्यकारिणी बनाने का काम प्रगति पर है. 31 मार्च तक सभी जिलों में जिला एवं ब्लॉक की कार्यकारणी का गठन पूरा कर लिया जायेगा. वार्डों, ग्रामों एवं बूथ कमेटियों के भी पुनरीक्षण का काम चल रहा है. मैंने बस्तर, दंतेवाड़ा, महासमुंद, रायगढ़, जशपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, कोरबा ग्रामीण जिलों का दौरा कर 10 जिलों, 20 विधानसभा क्षेत्र के बूथ, वार्ड, ग्राम कमेटियों के गठन की प्रक्रिया में शामिल हुआ. 31 मार्च तक हमारा सांगठनिक ढांचा पूरी तरह तैयार हो जायेगा.
छत्तीसगढ़ को बनाया एटीएम कार्ड
उन्होंने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ को एटीएम कार्ड समझ लिया है. श्री बैज के मुताबिक भाजपा ने सारे नियम कायदे को ताक पर रखकर आबकारी विभाग में मेनपावर सप्लाई को ठेका उनकी पार्टी के एक राष्ट्रीय सचिव की कंपनी को दे दिया गया. आबकारी विभाग में मेनपावर सप्लाई का 300 करोड़ रू. टेंडर हुआ, जिसमें 148 कंपनियो ने भाग लिया. जिसमें से कंपनी चयनित हुई, इसमें से दो कंपनी एसआईएस कैश सर्विसेस लिमिटेड तथा डस्टर टोटल सॉल्यूशन सर्विसेस प्रा. लि. एक मालिक की है. दोनों के मालिक भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं, जो गुजरात से आते है. जबकि टेंडर की शर्तों में साफ लिखा था कि एक मालिक की दो कंपनी का चयन नहीं हो सकता है. गुजरात के किस प्रभावशाली नेता के ईशारे पर यह काम दिया गया, प्रदेश की जनता जानना चाहती है. ईडी, ईओडब्लू और सीबीआई क्या मेन पावर सप्लाई के ठेके की गड़बड़ी की भी जांच करेगी.
श्री बैज ने कहा कि पहले खुलासा हुआ कि भाजपा के एक राष्ट्रीय नेता ने छत्तीसगढ़ में सत्ता में काबिज लोगों से 1500 करोड़ रू. इकट्ठा करने निर्देश दिया था, इसका वीडियो भी वायरल हुआ था. इस बारे में सरकार की तरफ से कोई स्पष्टीकरण नहीं आया. मुख्यमंत्री कार्यालय का सोशल मीडिया देख रहे एक व्यक्ति के गिरफ्तारी की भी चर्चा थी. छत्तीसगढ़ से लगातार नोटों से भरी गाड़ी गुजरात के लिये जाते हुये पकड़ाना संयोग मात्र नहीं है. लोग जानना चाहते हैं कि उक्त राशि गुजरात किसके पास भेजी जा रही थी.
दीनदयाल अफीम संवर्धन योजना चला रही भाजपा सरकार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अफ़ीम की अवैध खेती के लिए भाजपा सरकार और सत्ता में बैठे नेताओं के संरक्षण मे प्रदेश में दीनदयाल अफीम संवर्धन योजना चला रही है. प्रदेश के कद्दावर मंत्रियों के गृह जिलों में विगत 17 दिनों के भीतर 6 बड़े मामलों का खुलासा हुआ है. बेखौफ होकर अफीम की खेती का दुस्साहस बिना सत्ता के संरक्षण के संभव नहीं है, पहले दुर्ग के समोदा, फिर बलरामपुर में कुसमी और खजुरी और उसके बाद रायगढ़ जिले के तमनार और लैलूंगा में करोड़ों की अफीम की फसल अचानक नहीं हुई, अफीम कोई मशरूम की फसल तो है नहीं कि बंद कमरे में किया जा सके, खुलेआम अवैध नशे की खेती और प्रशासन की खामोशी, बिना सत्ता के संरक्षण के संभव नहीं. सरकार अपने मंत्रियों को उनके गृह जिलों और प्रभार जिलों के अवैध गतिविधियों पर जवाबदेही तय करे. अभी तक प्रदेश के अलग-अलग कोनो में अफीम की खेती पकड़ाई है. अफीम की खेती का खुलासा जनता ने किया है. जनता ने पुलिस से शिकायत किया, पुलिस और राजस्व अमला क्या कर रहा था? अफीम की लहलहाती खेती 15 दिन, 1 महीने में तो तैयार नहीं हुई है, धान की फसल के दौरान जब पटवारी और राजस्व अमला गिरदावरी रिपोर्ट तैयार कर रहे थे, तो उन्हें कैसे पता नहीं चला कि खेतों में अफीम लगा हुआ है? अफीम की खेती के गिरदावरी में मक्का, गेहूं, अन्य फसल तथा ककड़ी, तरबूज, सब्जी कैसे लिखा गया? दुर्ग, बलरामपुर के दो स्थानों, रायगढ़ के तमनार, लैलूंगा अफीम की खेती पकड़ाई है और नगरी सिहावा में सरकार ने मामले को दबाने की कोशिश किया है. वहां पर फसल पर ट्रैक्टर चलवाया गया और कानूनी कार्यवाही नहीं की गयी है. सरकार ने किसको बचाने के लिए नगरी सिहावा में अफीम की फसल को नष्ट किया और दोषी पर एफआईआर दर्ज क्यों नहीं करवाया?
दुर्ग जिले के समोदा में जिस भूमि पर भाजपा नेता अफीम की खेती कर रहा था, कृषि और राजस्व विभाग के सरकारी अफसर उस भूमि पर मक्का का खेती होना बताते रहे, प्रोत्साहन राशि भी दिया गया. भाजपा की सरकार ने डिजिटल गिरदावरी रिपोर्ट में उस जमीन पर मक्का, गेहूं और अन्य अनाज की खेती बताया है. बेहद स्पष्ट है, कि छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती भाजपा सरकार के संरक्षण में भी हो रहा है. बलरामपुर, तमनार, लैलूंगा, नगरी में अफीम की खेती करने वाले को भाजपा के किस नेता का संरक्षण था, जनता जानना चाहती है? जिन जमीनों पर अफीम की खेती हो रही थी, गिरदावरी में वहाँ अन्य फसल लगा होना बताया है, मतलब सरकारी अमले को पता था वहाँ अफीम की खेती हो रही थी, इसका मतलब साफ है कि सत्ता के संरक्षण में ही यह सब कुछ हो रहा है.
गैंस संकट गहराया, केवाईसी का बहाना
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार जनता को गैस नहीं उपलब्ध करवा पा रही गैस के लिए आम आदमी और गृहणियां परेशान हो रही ऊपर से केवाईसी का बहाना बना कर लोगों को गैस नहीं दिया जा रहा. एजेंसी वालों का कहना है सरकार का निर्देश है कि बिना केवाईसी के गैस की डिलीवरी नहीं दी जाय. घरेलू गैस नहीं मिलने के कारण लोगों के घरों में खाना नहीं बन रहा है. सरकार अपनी कमी छुपाने जनता को परेशान कर रही है. भाजपा की डबल इंजन की सरकार घरेलू गैस की समस्या दूर करने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं कर रही, लोग गैस एजेंसी के सामने लाइन लगाने को मजबूर हो गये हैं. महिलाएं चूल्हा बना कर लकड़ी से खाना बनाने को मजबूर हो गयी है. मोदी सरकार ने महिलाओं को ठगा है. सरकार की नाक के नीचे कालाबाजारी हो रही 900 का सिलेंडर 3000 में बेचा जा रहा आम आदमी परेशान हो रहा है. गैस एजेंसियों के सामने लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है. गैस कंपनियों के बुकिंग नंबर लगभग बंद है, सर्वर का बहाना बनाकर बुकिंग लेना बंद कर दिया गया है. सरकार जमीनी हकीकत को मानने को तैयार नहीं है. भाजपा नेता सत्ता के मद में जनता की समस्या को नकार रहे है. लोगों के घर में गैस नहीं होने के कारण चूल्हे नहीं जल रहे और भाजपा कहती है अफवाहों पर ध्यान मत दे. सरकार ने अचानक से कमर्शियल गैस की सप्लाई क्यों बंद कर दिया? अचानक से कमर्शियल गैस की सप्लाई रोक देने से, होटल व्यवसाईयों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा जो लोग घर में गैस की कमी से होटल से खाना मंगाना चाह रहे हैं उनको होटल मे भी खाना नहीं मिल पा रहा.
पत्रवार्ता में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र तिवारी, प्रभारी महामंत्री मलकीत गैंदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, वरिष्ठ नेता डॉ. राकेश गुप्ता, अशोक राज आहुजा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह, अजय गंगवानी उपस्थित थे.
