सीवरेज टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की मौत
रायपुर- राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान अंदर उतरे तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है, तीनों सिमरन सिटी निवासी हैं. घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस से झूमाझटकी भी हुई, जो देर रात तक जारी रही.
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन द्वारा सीवरेज टैंक की सफाई के लिए तीन युवकों को बुलाया गया था. सफाई के दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीनों बेहोश होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो चुके थे. गुस्साए लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए और परिसर में जमकर हंगामा किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मजदूरों को सिवरेज टैंक में उतारा गया. अस्पताल प्रबंधन ने खर्च बचाने के लिए नियमों की अनदेखी की है. प्रशिक्षित कर्मचारियों की बजाय सामान्य मजदूरों से सफाई कराई गई. अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था. इस मामले में परिजनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
