आशा दीदी जी ने बताया ब्रह्माकुमारी संस्था की स्थापना और 90 वर्षों की यात्रा
मीडिया सदस्यों ने लिया खेलों का आनंद और किया राजयोग मेडिटेशन
भिलाई- अंतरराष्ट्रीय संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा अपने 90 वर्ष के नवदशकोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में मीडिया परिचर्चा एवं स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने संस्था की स्थापना और 90 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1936 में सिंध (पाकिस्तान) में ब्रह्मा बाबा द्वारा दिव्य प्रेरणाओं के आधार पर इस आध्यात्मिक यज्ञ की शुरुआत हुई. पिताश्री ब्रह्मा बाबा ने अपने लौकिक बच्चों के होते हुए भी अपनी संपूर्ण संपत्ति को माताओ और बहनों का ट्रस्ट बनाकर सर्वस्व समर्पित किया और इस संस्था की शुरुआत हुई और तब से लेकर आज तक अनवरत अथक रूप से संस्था 140 देशों में 8000 से अधिक सेवा केंद्रों के माध्यम से समाज के हर व्यक्ति को निशुल्क रूप से राजयोग मेडिटेशन, सकारात्मक जीवनशैली, तनाव प्रबंधन की सेवाएं दे रही.

आशा दीदी जी ने बताया कि परमात्मा ने अपने विशेष कार्य नई दुनिया की स्थापना के लिए शिव शक्ति, नारी शक्ति बहनों और माताओं को इस कार्य के लिए चुना क्योंकि माताएं और बहने त्याग ईश्वरीय स्नेह से सभी को निस्वार्थ पालना से सींचती है.
वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी प्राची दीदी ने सभी मीडिया सदस्यों को अपने प्रतिदिन के कार्य से तथा नकारात्मक खबरों के प्रभाव से न्यारा (डिटेच) होकर अपना पार्ट बजाने का निवेदन करते हुए कहा कि उदाहरण के रूप में यदि पुनीत इस्सर दुर्योधन के रोल से बाहर नहीं निकलता तो सोचिए उनका जीवन कितना नेगेटिविटी से भर जाता, आप सभी मीडिया सदस्य दिन भर नकारात्मक खबरों के बीच में रहते हैं तो थोड़े समय के लिए शरीर से न्यारा होकर परमात्मा स्नेह की छत्रछाया में रहे जिसे आपने सभी मीडिया सदस्यों को गहन राजयोग मेडिटेशन की अनुभूति कराई. प्राची दीदी ने अनोखे विश्व विद्यालय के बारे में बताते हुए कहा कि यहां सत्संग नहीं 365 दिन प्रतिदिन ईश्वरीय पढ़ाई होती है.

सर्वप्रथम सभी मीडिया सदस्यों को तिलक और सुंदर कार्ड के बैज जैसे कि “मैं हल्का रहता हूं और बातों को चित पर नहीं रखता” ” मैं बच्चा बनकर अपनी हर बात परमात्मा पिता को बताता हूं” जैसे सुंदर स्लोगंस दिए गए. तत्पश्चात सभी मीडिया सदस्य परमात्मा के घर में परमात्म बच्चे बनकर विभिन्न आयोजित खेलों का आनंद लिया. संस्था की सेवाओं पर आधारित वीडियो दिखाया गया.
इस अवसर पर डिवाइन ग्रुप के बच्चों ने यह कौन आया रोशन हो गई महफिल जैसे गीत पर सुंदर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया. इस मीडिया परिचर्चा में बड़ी संख्या में भिलाई के प्रबुद्धजन मीडिया सदस्य उपस्थित रहे.
