टीम प्रहरी अभियान: मौदहापारा सन्डे बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई, 40 फेरीवाले हटाए गए
रायपुर- राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से टीम प्रहरी अभियान के तहत मौदहापारा सन्डे बाजार मुख्य मार्ग में व्यापक अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की. इस दौरान सड़क पर कब्जा कर व्यवसाय कर रहे करीब 40 फेरीवालों को हटाया गया और उन्हें नियमों का पालन करने की कड़ी हिदायत दी गई.
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और यातायात एसपी अजय कुमार के निर्देश पर की गई. अभियान में नगर निगम नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे, आशुतोष सिंह, यातायात पुलिस, मौदहापारा थाना पुलिस और नगर निगम उड़नदस्ता टीम शामिल रही.
अभियान के दौरान अधिकारियों ने फेरीवालों को समझाइश देते हुए कहा कि सड़क पर कब्जा कर सामान रखने से यातायात जाम की समस्या पैदा होती है. यदि भविष्य में ऐसा पाया गया तो सामानों को जब्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि गुजराती मोहल्ला के कुछ फेरीवाले जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे दो गलियों में अनधिकृत रूप से व्यवसाय कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था. कई बार समझाइश के बाद भी सड़क पर सामान रखने पर लगभग 40 फेरीवालों को हटाकर सड़क को कब्जामुक्त कराया गया.
साथ ही सभी फेरीवालों को निर्देश दिया गया है कि वे मौदहापारा मस्जिद से महाबीर गौशाला तक के के रोड पर सफेद लाइन के अंदर निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करें. उन्हें अपनी मान्य फोटो आईडी मौदहापारा थाना में जमा कर नगर निगम जोन-2 या मुख्यालय में जाकर स्थान आवंटन के लिए चर्चा करने की भी हिदायत दी गई.
