टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, CM साय, डिप्टी सीएम, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, दीपक बैज ने दी बधाई
वानखेड़े के ऐतिहासिक मैदान पर गुरूवार को डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में रोमांचक जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है. अब खिताबी जंग के लिए भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा, जिसने दक्षिण अफ्रीका को मात देकर फाइनल का टिकट पक्का किया है. यह महामुकाबला रविवार, 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस मैच में जहां भारत अपने खिताब को बचाने उतरेगा, वहीं कीवी टीम पहली बार ट्रॉफी उठाने की कोशिश करेगी.
टीम इंडिया की जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ दीपक बैज समेत अन्य नेताओं ने खुशी जताते हुए भारतीय टीम को बधाई दी है.
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि टीम इंडिया को ढेरों शुभकामनाएं. टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में आज शानदार और जुझारू प्रदर्शन करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को पराजित कर भव्य अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया है. भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों ने अद्भुत टीम वर्क, साहस और खेल कौशल का परिचय देते हुए पूरे देश को गर्व से भर दिया है. यह जीत केवल एक मैच की जीत नहीं, बल्कि हर भारतीय के आत्मविश्वास और तिरंगे की शान का प्रतीक है. MenInBlue को फाइनल मुकाबले के लिए ढेरों शुभकामनाएं. भारत का तिरंगा यूं ही विश्व मंच पर गर्व से लहराता रहे और टीम इंडिया विजय का नया इतिहास रचे.
डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पराजित कर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया है. इस ऐतिहासिक जीत पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी, बुमराह की घातक गेंदबाजी, हार्दिक के ऑल राउंड प्रदर्शन और अक्षर की कमाल की फील्डिंग ने मैच में जान डाल दी. पूरी टीम ने एकजुट होकर अद्भुत प्रदर्शन किया और जीत को यादगार बना दिया. अब फाइनल में भी इसी जज़्बे के साथ विजय पताका लहराने वाला है!
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स में पोस्ट कर लिखा है कि जय हो!! INDIA…INDIA, T20 क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने पर टीम इंडिया को बधाई. आज का मैच बहुत रोमांच से भरा था. अक्षर पटेल, तिलक वर्मा के शानदार कैच, हार्दिक-बुमराह के अंत में शानदार ओवर और शिवम दुबे का सधा हुआ अंतिम ओवर…इन सबकी भी जीत में बड़ी भूमिका है. फाइनल में जीत की शुभकामनाओं सहित सभी क्रिकेट प्रेमियों को पुनः बधाई.
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पोस्ट कर लिखा है कि जय हो भारत! टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने पर भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई. टीम इंडिया ने शानदार खेल, धैर्य और जज़्बे का परिचय देते हुए यह महत्वपूर्ण जीत हासिल की है. पूरी टीम के सामूहिक प्रयास ने देशभर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को गौरवान्वित किया है. फाइनल मुकाबले के लिए टीम इंडिया को अग्रिम शुभकामनाएँ. आशा है कि भारतीय टीम इसी आत्मविश्वास और प्रदर्शन के साथ ट्रॉफी अपने नाम करेगी.
