शराब बेचने पर 50,000 रुपए अर्थदंड, सूचना देने वालों को पंचायत देगी 20 हजार का इनाम
राजनांदगांव- राजनादंगांव जिले की मोखला ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों ने आपसी सहमति से गांव को नशामुक्त बनाने की दिशा में उक्त अनूठा फैसला लिया है. मिली जानकारी के मुताबिक गांव में शराब बेचने वाले पर 50 हजार रुपए अर्थदंड और सूचना देने वालों को ग्राम पंचायत 20 हजार रुपए इनाम देगी. पंचायत मोखला के ग्रामीणों ने बीते दिनों में ग्राम पंचायत व ग्राम वासियों के सहयोग से अवैध शराब, गांजा और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त करवाई का प्रस्ताव पारित कर अमल की जा रही है.
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मोखला एवं ग्रामवासियों के सहयोग से ग्राम पंचायत में पूर्ण शराबबंदी का निर्णय लिया गया है जिसका परिपालन ग्रामवासी भली भाती कर रहे हैं. गांव में जगह-जगह पर सूचना चस्पा की गई है कि शराब बेचने वालों से 50 हजार रुपए अर्थदंड लिया जाएगा और शराब लेने वालों से 30 हजार रुपए अर्थदंड लिया जाएगा तथा बताने वाले को 20 हजार रूपये का इनाम दिया जाएगा. गांजा बेचने वालों को 30000 अर्थदंड लिया जाएगा, गांजा लेने वालों से 20000 अर्थ दंड लिया जाएगा, बताने वाले को 10,000 ईनाम दिया जाएगा. सार्वजनिक स्थलों पर शराब गांजा पीने वालों से 20000 अर्थ दंड लिया जाएगा. तालाब में मछली काटने सुधरने वालों से 10000 अर्थदंड लिया जाएगा. दुकान में नाबालिक लड़के लड़कियों को बीड़ी सिगरेट व अन्य नशीली पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों से 20000 अर्थदंड लिया जाएगा. सार्वजनिक स्थलों पर शराब गांजा का आदान प्रदान करना सख्त मना है.
