शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
दुर्ग- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कोड़िया गांव में भारतीय सेना के 19 महार रेजीमेंट के वीर जवान लांस हवलदार उमेश कुमार साहू का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक निवास पहुंचा, शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. वीर जवान लांस हवलदार उमेश कुमार साहू 19 अक्टूबर को लेह-लद्दाख के बर्फीले पहाड़ी क्षेत्र में मां भारती की रक्षा करते हुए शहीद हो गए. शहीद उमेश नवंबर 2009 में आर्मी में भर्ती हुआ था.
इस अवसर पर शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए दुर्ग रविशंकर स्टेडियम से कोड़िया तक एक रैली निकाली गई. रैली में शहीद जवान के पार्थिव शरीर को लेकर चल रहे सेना के वाहन के आगे और पीछे युवा बाइक पर सवार होकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे और वीर जवान के सम्मान में नारे लगा रहे थे.
गृहग्राम में हुआ अंतिम संस्कार
गृहग्राम कोड़िया पहुंचने पर शहीद उमेश के स्वजन, स्कूली बच्चें, ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी गई. सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने भी पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
