बिलासपुर : साइबर क्राइम का लोग तेजी से शिकार हो रहे हैं. इसके जद में पढ़े लिखे लोग भी पैसे कमाने के चक्कर में आ रहे है और लाखों रुपये गवां दे रहे हैं. ताजा मामला बिलासपुर जिले से आया है. जहां पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर शिक्षक से 11 लाख की ऑनलाइन ठगी की गई है. आरोपी ने शिक्षक को टेलीग्राम ग्रुप में फोटो शेयर करने पर मुनाफा कमाने का झांसा दिया और लिंक शेयर कर घटना को अंजाम दिया. ठगी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच पर जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, बोदरी के जीवन विहार कालोनी निवासी शिक्षक आशुतोष कुमार शर्मा के मोबाइल पर अनजान मोबाइल नम्बर से पार्ट आफ टाइम जॉब करने के लिए एक लिंक आया. उन्होंने लिंक ओपन किया, तो जानकारी दी गई कि टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से उन्हें पैसा जमा करने पर फोटो भेजी जाएगी. उक्त फोटो को अधिक से अधिक शेयर करने पर मुनाफा दिया जाएगा.
