गजेंद्र वर्मा भिलाई- अवैध प्लाटिंग एवं शासकीय भूमि पर अवैध उत्खनन के विरुद्ध प्रशासन भले ही सख्ती के संकेत दे रहा हो, लेकिन शहर के चारों तरफ खुलेआम अवैध प्लाटिंग का खेल चल रहा है. अवैध प्लाटिंग और अवैध उत्खनन करने वाले के हौंसले कम नहीं हो रहे. अनुविभागीय अधिकारी ने अपने भ्रमण के दौरान अधिकांश क्षेत्रों पर अवैध प्लाटिंग देखा गया जिसको लेकर राजस्व निरीक्षक और पटवारियों को अवैध प्लांटिग और अवैध उत्खनन की जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है. पूर्ववर्ती सरकार में भी इसी तरह आदेश निकाला गया था फिर भी अवैध प्लांटिग और अवैध उत्खनन नहीं रोक पाए. अभी भी इसी तरह का आदेश निकालकर सरकार को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. शिकायत मिलने पर भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. इस तरह आदेश निकालने का अनुविभागीय अधिकारी पर ही सवाल खड़ा होता है कि जितने भी लंबित प्रकरण उन पर ही जांच क्यों नहीं हो पाई है. दुर्ग जिले में जितने भी पटवारी है उनमें अधिकांश पटवारी अवैध प्लाटिंग पर ही जमीन खरीद रहे हैं और खुद को मालामाल करने बड़ी साजिश को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहें.
सवाल यह भी है कि अनुविभागीय अधिकारी द्वारा आदेश पे आदेश निकाला जा रहा है जिसका किसी राजस्व निरीक्षक व पटवारियों को कोई असर नहीं हो रहा न ही कोई इसका जवाब देना उचित समझ रहें है. क्या बड़े पैमाने पर अफसरों, राजस्व निरिक्षको और पटवारियों की मिलीभगत से ही अवैध प्लाटिंग हो रही है. खासतौर से शहर से लगे गांवो को निशाना बनाकर अवैध प्लाटिंग किया जा रहा है.
इस मामले में दुर्ग अनुविभागीय अधिकारी ने जारी आदेश में कहा है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में अवैध प्लांटिग और शासकीय भूमि पर अवैध उत्खनन देखने को मिला है. मेरे द्वारा पूर्व में अवैध प्लाटिंग एवं उत्खनन की जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने निर्देशित किया गया, परंतु अभी तक किसी भी राजस्व निरीक्षक और पटवारियों से विष्यांकित प्राप्त नहीं हुई है. आगे कहा गया है कि आपके द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत पेश नहीं करने के कारण अवैध प्लाटिंग तथा अवैध उत्खनन करने वाले के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही नहीं की जा सकती है.
आगे कहा है कि अपने-अपने क्षेत्र में पूर्व मे हुए अवैध प्लाटिंग और वर्तमान में हो रहे अवैध प्लाटिंग और उत्खनन किये जाने हेतु संभावित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी (अवैध प्लाटिंग मे हुए टुकड़ो की सूची, मूल भूमिस्वामी का नाम व पता, अवैध प्लाटिंग करने वाले की विस्तृत जानकारी) इसी प्रकार से निजी व शासकीय भूमि पर किये गये तथा किये जा रहे अवैध उत्खनन की जानकारी प्रतिवेदन 23/01/2024 तक अपने कार्यालय स्टेनो शाखा में प्रस्तुत करने को कहा गया है.
