आदिवासी समुदाय की दो होनहार बेटियों की पढ़ाई के लिए समाज ने बढ़ाए मदद के हाथ
भिलाई- छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद और समाज के जागरूक लोगों ने एक अनुकरणीय पहल की है. आदिवासी समुदाय की दो प्रतिभाशाली और होनहार बेटियों लोकेश्वरी सलामे और कुसुम नेताम को अपनी उच्च शिक्षा निरंतर जारी रखने के लिए कुल 33,000 की आर्थिक आवश्यकता थी.
परिषद की अपील पर एकजुट हुआ समाज
बेटियों की पढ़ाई में पैसों की कमी बाधा न बने, इसके लिए छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद की प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकला तारम ने समाज से आगे आकर आर्थिक सहयोग की अपील की थी. इस आह्वान पर समाज ने पूरी एकजुटता दिखाई और स्वैच्छिक योगदान देते हुए कुल 29,400 की सम्मानजनक राशि एकत्रित कर ली.
समाज प्रमुखों ने बेटियों को सौंपी सहायता राशि
एकत्रित की गई इस राशि को समाज के प्रमुखों द्वारा दोनों बच्चियों को सौंपा गया. इस आर्थिक संबल से अब दोनों बेटियां बिना किसी रुकावट के अपने शैक्षणिक सफर को आगे बढ़ा सकेंगी.
परिषद ने व्यक्त किया आभार
छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद ने इस नेक कार्य में सहयोग करने वाले सभी सगाजनों और दानदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया है. परिषद का मानना है कि समाज का यह सहयोगात्मक कदम न केवल इन दोनों बेटियों के भविष्य को रोशन करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए भी एक मजबूत प्रेरणा बनेगा.
