रायपुर : छत्तीसगढ़ के इस विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने लगातार आठवीं बार प्रचंड जीत दर्ज करते हुए रायपुर दक्षिण विधानसभा से अपने प्रतिद्वंदी महंत रामसुंदर दास को 67719 मतों से पराजित किया है. बृजमोहन अग्रवाल की यह जीत छत्तीसगढ़ के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है. भाजपा हो या कांग्रेस किसी भी पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी ने कभी भी इतनी बड़ी जीत दर्ज नहीं की है.
बृजमोहन अग्रवाल का अपनी आठवीं पंचवर्षीय में रिकार्ड मतों से जितना भी यह साबित करता है कि वे जनता के बीच कितने लोकप्रिय हैं. आज की राजनीति में 5 साल विधायक रहने के बाद लोग अपनी विधानसभा नहीं संभाल पाते. पराजित होकर राजनीति से किनारे लगा दिए जाते हैं. ऐसे में जहां जाति, धर्म और संप्रदाय की राजनीति हावी हो उस दौर में बृजमोहन अग्रवाल का सभी समाजों, वर्गों का साथ और आशीर्वाद मिलना कोई साधारण बात नहीं है.
इस संबंध में जब हमने बृजमोहन अग्रवाल से बात की तो उन्होंने अपनी जीत का श्रेय माता-बाबूजी के आशीर्वाद, भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को दिया. उन्होंने कहा कि जनता हमें विधायक के रूप में अपना सेवक चुनती है, कोई शासक नही. इसलिए हमारे मन में हमेशा सेवा का भाव होना चाहिए. मैंने अपनी 40 साल की राजनीति में खुद को जनता का सेवक ही माना है. 24 घंटे सातों दिन में जनता की सेवा में समर्पित होकर कार्य करने का प्रयास करता हूं. यही वजह है कि जनता का प्रेम, साथ और आशीर्वाद सदैव मेरे साथ बना रहता है.
