टमाटर के बाद प्याज की लगातार बढ़ रहीं कीमतें खुदरा महंगाई को बढ़ाकर नवंबर और दिसंबर में छह फीसदी के ऊपर पहुंचा सकती हैं. अर्थशास्त्रियों का कहना है कि 13 नवंबर को आने वाले अक्टूबर के खुदरा महंगाई के आंकड़ों में प्याज का असर दिख सकता है. ऐसे में अक्तूबर में खुदरा महंगाई 5 फीसदी से ऊपर रह सकती है. चालू महीने के पहले हफ्ते में प्याज के दाम अक्टूबर के पहले हफ्ते की तुलना में 75 फीसदी बढ़ गए हैं.
नोमुरा के अर्थशास्त्रियों सोनल वर्मा और ऑरोदीप नंदी ने कहा, अक्टूबर में सब्जी की कीमतों में तेज बढ़ोत्तरी देखने को मिली है. हमारा अनुमान है कि खुदरा महंगाई सितंबर के 5 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 5.3 फीसदी के स्तर पर पहुंच जाएगी. हालांकि, टमाटर की कीमतें में गिरावट से अक्टूबर में महंगाई पर नियंत्रण रहने की उम्मीद है, लेकिन आगे स्थिति खराब हो सकती है. नवंबर एवं दिसंबर में खुदरा महंगाई और तेजी से बढ़ेगी, लेकिन नए साल में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
