रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. टिकट कटने से नाराज कांग्रेस के विधायक किस्मत लाल नंद ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCC) का दामन थाम लिया. जेसीसी में शामिल होने के तत्काल बाद पार्टी ने किस्मत लाल नंद को सरायपाली सीट से टिकट दे दिया जहां से वह विधायक हैं. जेसीसी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अमित जोगी ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर नंद के शामिल होने की तस्वीरें पोस्ट की और लिखा, ”सरायपाली से वर्तमान कांग्रेस विधायक किस्मत लाल नंद जी आज जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में शामिल हुए. पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर रेणु जोगी जी की उपस्थिति में नंद जी ने जेसीसीजे की सदस्यता ग्रहण की.”
जोगी ने लिखा है, ”डॉक्टर रेणु जोगी जी ने किस्मत लाल नंद जी को जोगी कांग्रेस का सरायपाली विधानसभा से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया और उन्हें चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी.”
दो नेताओं से सुरक्षा की मांग
जोगी ने लिखा है, ”आज भारतीय निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त महोदय को पार्टी ने पत्र लिखकर हमारे दो प्रत्याशी – सरायपाली विधानसभा से किस्मत लाल नंद जी एवं महासमुंद विधानसभा से राशि महिलांग जी को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने का निवेदन किया है.” उन्होंने आरोप लगाया है, ”जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के इन दोनों ही प्रत्याशियों को मुख्यमंत्री महोदय के गैंग द्वारा लगातार धमकी दी जा रही है और चुनाव से नाम वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री महोदय जी की यह बौखलाहट लाजमी है क्योंकि अब उन्हें ‘जोगी लहर’ में डूबने का डर सता रहा है. इसलिए ये हथकंडे अपना रहे हैं. जिनके संरक्षण से कुछ तत्व धमकी-चमकी का ओवरटाइम कर रहे हैं, मैं उन लोगों को यह बताना चाहता हूं, हम न रुकेंगे, न झुकेंगे…आप अपना समय बर्बाद मत करो.”
