कोरबा : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा विभिन्न भर्ती परीक्षा 29 अक्टूबर 2023 को दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12.15 बजे एवं दोपहर 02 बजे से 04ः15 बजे तक आयोजित होगी. प्रथम पाली की परीक्षा हेतु 24 परीक्षा केंद्र एवं द्वितीय पाली की परीक्षा हेतु 04 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसके अंतर्गत प्रथम पाली में 7,412 तथा द्वितीय पाली में 1,148 परीक्षार्थी शामिल होंगें.
परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु शासकीय ईव्हीपीजी महाविद्यालय रजगामार रोड कोरबा को मार्गदर्शन केंद्र बनाया गया है, जिसका दूरभाष क्रमांक 07759-221458 है. परीक्षा के सुचारू आयोजन हेतु प्रशासनिक पर्यवेक्षकों की बैठक 27 अक्टूबर को शासकीय पीजी कॉलेज कोरबा में दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी. उक्त बैठक में सभी आब्जर्वर, रिजर्व आब्जर्वर, केंद्राध्यक्षों एवं उड़नदस्ता दलों की उपस्थिति अनिवार्य है.
कलेक्टर सौरभ कुमार के दिशा-निर्देश में परीक्षा के सुचारू संपादन व जिला कोषालय कोरबा से परीक्षा केन्द्र के लिए गोपनीय सामग्री प्राप्त करने व परीक्षा समाप्ति पश्चात उत्तर पुस्तिका एवं अन्य सामग्री अपने निगरानी में सील कराकर समन्वयक केंद्र में जमा करने हेतु विभिन्न अधिकारियों को प्रशासनिक पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है.
