भिलाई : महिला समृद्धि सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भिलाई की पहचान स्टील प्लांट से हैं, इसे नेहरू जी ने बसाया था. मातृशक्ति को हाथ जोड़कर नमन करता हूं. प्रणाम करता हूं.
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाएं सबसे आगे हैं. चाहे घर का काम हो या ऑफिस का सभी जगह महिलाएं आगे आकर काम कर रही हैं. शुरू से ही छत्तीसगढ़ में महिलाओं को हमेशा बराबरी का स्थान मिला है. महिलाएं नौकरी भी कर रही हैं और घर के काम भी.
छत्तीसगढ़ में परिवार और समाज में महिलाओं का स्थान ऊंचा रहा है. लैंगिक अनुपात में भी छत्तीसगढ़ आगे है. महिलाएं बच्चों के देख-रेख से लेकर पढ़ाई-लिखाई तक, घर में काम करना, नौकरी भी करती हैं तो सबके लिए खाना बनाकर जातीं है और काम से लौटकर फिर सभी के भोजन का ध्यान रखती हैं.
महिला समृद्धि सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उप-मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि इसमें संदेह नहीं कि विश्व के हर मानव में महिला का कण है. मानव समाज इसी पर टिका है. समाज में महिला और पुरुष को बराबरी का स्थान देने से ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा. छत्तीसगढ़ में हर क्षेत्र में महिलाओं को स्थान मिल रहा है.स्व-सहायता समूह के जरिए महिलाओ को रोजगार, स्व-रोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा रहा है.
