दुर्ग : प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ दुर्ग नगर निगम के अधिकारियों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है. शहर की इंदिरा मार्केट सब्जी बाजार क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चेकिंग में 15 सब्जी व्यवसायियों के पास से प्लास्टिक जब्त की गई और इन पर 1 हज़ार 5 सौ रुपये जुर्माना लगाया गया. चेतावनी दी गई कि यदि आगे से प्रतिबंधित पालीथिन या प्लास्टिक मिला तो सख्त कार्रवाई होगी.
आयुक्त लोकेश चन्द्राकर द्वारा नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली. उन्हें शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे. बाजार विभाग टीम ने शहर की बाजार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया. सिंगल यूज प्लास्टिक के विक्रय व उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की गई. बाजार अधिकारी जावेद अली ने बताया कि पहली जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं का विनिर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग प्रतिबंधित किया गया है. डेढ़ दर्जन से अधिक ऐसी सामग्री प्रतिबंधित की गई हैं, जो दैनिक उपयोग का हिस्सा बन गई है. दुकानदारों को चेताया गया कि दोबारा प्रतिबंधित प्लास्टिक पाएं जाने पर चार गुना तक जुर्माना की कार्यवाही की जाएगी.
