दुष्कर्म का आरोपी जम्मू से गिरफ्तार, नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगा ले गया था आरोपी
सरगुजा- नाबालिग को शादी का झांसा देकर जम्मू भगा ले जाने वाले आरोपी को सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मणिपुर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी मशक्कत के बाद जम्मू के विजयपुर से आरोपी को धर दबोचा और पीड़िता को सकुशल बरामद किया.
जानकारी के अनुसार, घटना 24 जनवरी 2026 की है, जब पीड़िता (नाबालिग) बिना बताए अपने किराए के मकान से कहीं चली गई थी. परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी जब वह नहीं मिली, तो 9 अप्रैल 2026 को पीड़िता की परिजन ने थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने तत्काल प्रभाव से अपराध क्रमांक 70/26, धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा, राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और नाबालिग की बरामदगी के निर्देश दिए.
विवेचना के दौरान पुलिस को सटीक सूचना मिली कि पीड़िता संदेही अजय शंकर तिवारी के साथ जम्मू के विजयपुर में रह रही है. पुलिस टीम को तुरंत जम्मू रवाना किया गया. टीम के सतत प्रयासों से पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया. पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर जम्मू ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
आरोपी की पहचान अजय शंकर तिवारी (26 वर्ष), पिता स्व. भागवत तिवारी, निवासी डोरला, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले में बी.एन.एस. की धारा 64(2)(ड़) और पोक्सो एक्ट की धारा 4, 6 जोड़कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है.
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, महिला प्रधान आरक्षक अंजू एक्का, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, राजेंद्र लकड़ा, अनिल सिंह, निरंजन बड़ा और रामकेश्वर की भूमिका रही.
