चेक बाउंस कर किसानों से की 6.71 लाख की ठगी, धान खरीदी में धोखाधड़ी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
बालोद- धान खरीदी के नाम पर किसानों के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को बालोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम हीरापुर निवासी प्रार्थी मनसुख साहू एवं परमानंद साहू ने थाना बालोद में संयुक्त रूप से लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. वर्ष 2026 में गर्मी फसल की धान खरीदी के दौरान आरोपी संजय कुमार साहू, निवासी ग्राम मेड़की, द्वारा उनसे धान खरीदी के नाम पर राशि एवं चेक संबंधी लेन-देन कर धोखाधड़ी की गई. शिकायत के अनुसार आरोपी द्वारा प्रार्थी से 150 क्विंटल 30 किलोग्राम धान, प्रति क्विंटल 2,300/- की दर से कुल 3,45,690/- की धान खरीदी गई तथा भुगतान के लिए चेक प्रदान किए गए. बैंक में चेक प्रस्तुत करने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने से चेक अनादरित हो गया.
इसी प्रकार प्रार्थी के अनुसार आरोपी द्वारा 183 क्विंटल 28 किलोग्राम धान, प्रति क्विंटल 2,050/- की दर से कुल 3,75,724/- की धान खरीदी कर ₹50,000/- नगद भुगतान के बाद शेष 3,25,724/- की राशि के चेक दिए गए, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर अनादरित हो गए.
प्रकरण की विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन, धान खरीदी संबंधी दस्तावेज, आरोपी द्वारा दिए गए चेक एवं इकरारनामा आदि को जप्त किया गया. विवेचना में आरोपी द्वारा कुल 6,71,414/- की धान खरीदी कर भुगतान के संबंध में धोखाधड़ी किए जाने संबंधी तथ्य सामने आने पर आरोपी संजय कुमार साहू, पिता स्व. अधनू राम साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम मेड़की, थाना व जिला बालोद, के विरुद्ध धारा 318(4) बीएनएस का अपराध घटित होना पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया.
बालोद पुलिस की अपील
बालोद पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कृषि उपज की खरीदी-बिक्री अथवा अन्य आर्थिक लेन-देन करते समय आवश्यक दस्तावेज एवं भुगतान संबंधी अभिलेख सुरक्षित रखें तथा किसी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें.
