भूपेश बघेल ने खदान के मुद्दे पर सीएम विष्णुदेव साय को दी ‘ओपन डिबेट’ की चुनौती
रायपुर- प्रधानमंत्री आवास योजना पर हाल ही में रायपुर प्रेस क्लब में हुई खुली बहस की चिंगारी अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि छत्तीसगढ़ का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है. इस बार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खदान (माइनिंग) के मुद्दे पर सीधे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को खुली बहस की चुनौती दे दी है.
अंबिकापुर पहुंचे भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि जिस तरह रायपुर प्रेस क्लब में पंचायत मंत्री के साथ खुली बहस हुई, उसी तरह मुख्यमंत्री के साथ भी वे खुली बहस को तैयार हैं. मुख्यमंत्री डिबेट के लिए मीडिया के सामने आ जाए.
भूपेश बघेल ने खुली बहस की चुनौती खदान के मुद्दे पर दी है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास खनन मंत्रालय भी है. खनन और खदान पर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है. तारीख, समय और स्थान तय होने का जनता को इंतजार है.
पीएम आवास पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच हुई थी बहस
बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच रायपुर प्रेस क्लब में खुली बहस हुई थी. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लंबी बहस हुई थी. विजय शर्मा बार-बार यह कहते रहे कि बघेल जी समझ सब रहे हैं, लेकिन समझाने की कोशिश कुछ और कर रहे हैं. शर्मा बहस के बीच बार-बार बघेल से झूठ मत बोलिए कहते रहे. वहीं भूपेश बघेल ने भी कहा -सरकार झूठ परोस रही है. सार यही रहा कि डिबेट सच और झूठ के बीच आंकड़ों में उलझी रही.
