लव ट्रायंगल में 16 वर्षीय किशोर की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, क्राइम सीन रीकस्ट्रक्ट कराया
रायगढ़- शहर के रामभांठा स्थित एक खाली प्लॉट में 16 वर्षीय किशोर की पत्थर से कुचलकर की गई निर्मम हत्या के मामले को रायगढ़ की कोतवाली पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पूरा मामला लव ट्रायंगल से जुड़ा है. मुख्य आरोपी शिवम बानी एक स्थानीय लड़की से एकतरफा प्यार करता था, जबकि उस लड़की का मृतक किशोर से मिलना-जुलना था. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने किशोर को निशाना बनाया.
घटना वाले दिन आरोपियों ने पहले किशोर को रोका और उससे विवाद करते हुए उसका मोबाइल छीन लिया. इसके बाद आरोपियों ने उससे 1,000 रुपये की मांग की. विवाद बढ़ने पर आरोपी किशोर को पुराना बस डिपो के पास सुनसान जगह पर ले गए और भारी पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे 16 वर्षीय किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. अगली सुबह 15 सितंबर को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रामभांठा क्षेत्र में पुराने बस डिपो के पास संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक किशोर का शव पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची. गवाहों से पूछताछ और अंतिम बार मृतक के साथ दिखे संदिग्धों की धरपकड़ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. पुलिस ने मौके पर क्राइम सीन रीकस्ट्रक्ट कराया और आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल तथा रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए हैं.
गिरफ्तार आरोपी
- शिवम बरेठ, पिता दिनेश बरेठ, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़.
- शिवम बानी, पिता संतराम बानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़.
