किराना दुकान चोरीकांड का पर्दाफाश: 6.30 लाख के माल के साथ आरोपी गिरफ्तार, नागपुर भागने से पहले दबोचा
रायगढ़ – रायगढ़ पुलिस ने घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से उस समय पकड़ा गया जब वह नागपुर भागने की फिराक में था.
घटना के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान संभव हो सकी. आरोपी ने बारिश का फायदा उठाते हुए टीन शीट और फॉल सीलिंग तोड़कर दुकानों में प्रवेश किया था और लाखों रुपये नगद, चांदी के सिक्के, बिस्किट एवं किराना सामान पार कर दिया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे एवं मेमोरंडम के आधार पर कुल 6,30,286 की संपत्ति जप्त की है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने चोरी की कुछ रकम घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च कर दी थी. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की तकनीकी जांच और सतत प्रयासों की सराहना करते हुए इसे रायगढ़ पुलिस की एक बड़ी सफलता बताया है.
