मुख्यमंत्री के निर्देश पर घायलों और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए अधिकारियों की टीम रवाना
रायपुर – महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई. हादसा ट्रक और बोलेरो के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ. दुर्घटना में 3 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास हुआ.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के नागरिकों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से निरंतर समन्वय किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेज दी गई है. छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी.
नेशनल हाईवे पर सुबह 4 बजे हादसा
बोलेरो में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बोलेरो की एक ईचर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में 5 वयस्क और 3 बच्चे शामिल हैं.
JCB की मदद से निकाला गया वाहन
हादसे के बाद बोलेरो और ट्रक में फंसे वाहनों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी. घटनास्थल पर दो JCB मशीनों की मदद ली गई, जिसके बाद वाहनों को अलग किया गया. वहीं घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है.
