निर्मल कोसरे बने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष, भूपेश बघेल ने दी शुभकामनाएं
रायपुर- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने भिलाई-चरौदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति (SC) विभाग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है. निर्मल कोसरे की इस नई जिम्मेदारी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दी बधाई
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई संदेश देते हुए कहा, “नगर निगम भिलाई-चरौदा के महापौर एवं कांग्रेस के सक्रिय साथी निर्मल कोसरे को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.” उन्होंने कहा कि हम सबको विश्वास है कि जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी सामाजिक न्याय की लड़ाई में योगदान देते हुए आप बहुजन समाज के हक और अधिकार की आवाज को मजबूती से उठाएँगे और संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे.

