आरोपी संजय चौहान पूर्व में भी चोरी/नकबजनी की आधा दर्जन से अधिक वारदातों को दे चुका है अंजाम
रायपुर- पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रांतर्गत कुशालपुर स्थित ‘न्यू नंदी ज्वेलर्स’ में हुई चोरी की घटना का पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने त्वरित खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी शातिर नकबजन संजय चौहान, चोरी का माल खपाने में शामिल होरी लाल पंकज और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक (नाबालिग) सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजय मण्डल ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका मलसाय तालाब के पास कुशालपुर में न्यू नंदी ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी दुकान है. प्रार्थी दिनांक 31.08.26 की रात्रि करीबन 08ः30 बजे अपनी दुकान को ताला लगाकर बंद किया था, दिनांक 01.09.26 के प्रातः 11.00 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि शटर के एक साइड का ताला टुटा हुआ था एवं शटर जमीन से उठा हुआ था. प्रार्थी दुकान अंदर जाकर सामानो को चेक किया तो दुकान मे रखें चांदी के विभिन्न जेवरात तथा चांदी के सिक्के, कटोरी, चम्मच एवं गिलास नहीं थे. कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर उक्त चांदी के जेवरात एवं सामग्री कीमती 04 लाख रूपये चोरी कर ले गया था. प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 460/26 धारा 331(4), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया.
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुड़िया द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से अवलोकन एवं विश्लेषण किया गया.
घटना के तरीके को ध्यान में रखते हुए पूर्व में नकबजनी एवं चोरी के प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्रित कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही थी. इसके साथ ही प्रकरण में मुखबिर लगाने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं पतासाजी के लगातार प्रयास किए जा रहे थे.
इसी दौरान टीम के सदस्यों को सूचना प्राप्त हुई कि कबीर नगर निवासी संजय चौहान, जो पूर्व में भी नकबजनी के प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुका है, को घटना की रात्रि घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था. सूचना के आधार पर टीम द्वारा संजय चौहान की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी संजय चौहान द्वारा अपने एक साथी के साथ मिलकर उक्त ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया. साथ ही, चोरी किए गए कुछ जेवरातों को अपने साथी होरी लाल पंकज को खपाने हेतु देना बताया गया. जिस पर प्रकरण में संलिप्त आरोपी होरी लाल पंकज तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया.
तीनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चांदी के विभिन्न जेवरात, चांदी के सिक्के, कटोरी, चम्मच एवं गिलास तथा घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया मेस्ट्रो वाहन जुमला कीमती लगभग 4.50 लाख रूपये जप्त कर तीनों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया.
गिरफ्तार आरोपी
- संजय चौहान पिता संतोष चौहान उम्र 30 साल निवासी सुलभ के पास बीएसयूपी कालोनी कबीर नगर थाना कबीर नगर रायपुर.
- होरी लाल पंकज पिता ललित राम पंकज उम्र 36 साल निवासी एलआईजी 1419 हाऊसिंग बोर्ड कालोनी सड्डू थाना विधानसभा रायपुर.
- विधि के साथ संघर्षरत एक बालक.
