श्री लिंगराज शिव हनुमान सेक्टर-2 मंदिर में हलषष्ठी (कमरछठ) का पर्व धूमधाम से संपन्न
भिलाई- श्री लिंगराज शिव हनुमान मंदिर परिसर सेक्टर-2 स्थित सड़क-16 में हलषष्ठी (कमरछठ) का पवित्र त्यौहार माताओं द्वारा पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ मनाया गया. माताओं ने अपनी संतान की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना को लेकर यह व्रत रखा.

पारंपरिक विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
पूजा कार्यक्रम पंडिताइन संध्या शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया, जिसमें मुख्य रूप से सड़क 15 और 16 सेक्टर 2 की महिलाओं ने हिस्सा लिया. मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर सांकेतिक सगरी (छोटा तालाब) बनाई गई. सभी महिलाओं ने एक साथ बैठकर हलषष्ठी माता के व्रत की पावन कथा सुनी और तत्पश्चात भगवान शिव जी की आरती के साथ पूजन का समापन हुआ. पूजा संपन्न होने के पश्चात माताओं ने एक-दूसरे को लाई, महुआ और नारियल का प्रसाद बांटकर शुभकामनाएं दीं.
पोती मारना की परंपरा
पूजन के बाद माताओं ने नए कपड़े के टुकड़े को सगरी के जल में डुबोकर घर ले जाकर अपने बच्चों की कमर पर छह बार स्पर्श कराया, जिसे स्थानीय परंपरा में ‘पोती मारना’ कहा जाता है.
