अपचारी बालक भेजा गया बाल न्यायालय
रायपुर- रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर कार्रवाई की है. पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर 20.94 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है. इस मामले में गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी एक 16 वर्षीय अपचारी बालक को हिरासत में लिया गया है.
पुलिस के अनुसार, थाना टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के पीछे, भाठागांव बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया. पुलिस टीम द्वारा बताये गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 20.94 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया. बरामद गांजे की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10,00,000 आंकी गई है. पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान एक अपचारी बालक, उम्र 16 वर्ष 05 माह, निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई.
उक्त अपचारी बालक के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 762/2026 धारा 20(B) NDPS अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया. वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर अपचारी बालक को माननीय बाल न्यायालय, रायपुर के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है. प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है.
रायपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना में सूचना दें. सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा.



