12 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-कॉलेज के अलावा सरकारी दफ्तर भी रहेंगे बंद
रायपुर- राज्य सरकार ने 12 अगस्त (बुधवार) को हरेली पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. इस दिन प्रदेशभर में सरकारी कार्यालयों, बैंकों, स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश रहेगा. आदेश के अनुसार निजी और शासकीय शिक्षण संस्थानों में भी छुट्टी रहेगी.
जानकारी के अनुसार, बुधवार यानी 12 अगस्त को छत्तीसगढ़ राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. दरअसल, इस दौरान प्रदेशभर में हरेली पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा. मुख्यमंत्री निवास में विशेष आयोजन होते हैं. इस अवसर पर राज्य के सभी शासकीय और प्राइवेट स्कूल समेत कॉलेज में छुट्टी का ऐलान किया गया है. साथ ही सरकारी दफ्तर व बैंक भी बंद रहेंगे. इसे लेकर आदेश जारी हुआ है.
छत्तीसगढ़ी संस्कृति में लोक-त्योहारों की एक समृद्ध परंपरा रही है, जिसमें प्रकृति, कृषि और जीव-जंतुओं के प्रति गहरा सम्मान झलकता है. इन्हीं त्योहारों में सबसे पहला और प्रमुख त्यौहार है — हरेली तिहार. सावन माह की अमावस्या (हरियाली अमावस्या) को मनाया जाने वाला यह पर्व छत्तीसगढ़ के लोक-जीवन, कृषि परंपरा और पर्यावरण-प्रेम का प्रतीक है. छत्तीसगढ़ की पहचान सिर्फ उसकी प्रकृति नहीं, बल्कि उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएँ भी हैं.
छत्तीसगढ़ के लोक जीवन में पर्व और त्यौहारों की बहुलता है. प्रत्येक माह कोई न कोई त्यौहार यहाँ लोक मानस को अपने रंग में रंग लेता है. ये त्यौहार जहॉं लोक जीवन में हंसी-खुशी के अवसर उपलब्ध कराती हैं, वहीं खेल और मनोरंजन के अनुकूल साबित होते हैं. प्रकति का यह हरापन छत्तीसगढ़ के लोक जीवन में भी पूरी समाहित है. हरेली, भोजली, जँवारा हो या बसंत पंचमी सभी पर्वों में प्रकृति का मनोरम और इसका अप्रतिम सौंदर्य झलकता है. इस रूप-सौंदर्य में जीवन की चारों अवस्थाओं का उल्लास और उत्साह विविध रंगों में बिखरा हुआ है.

