भीम सिंह कंवर होंगे मुख्य अतिथि, सतीश पेंदाम का होगा संबोधन
भिलाई- संयुक्त राष्ट्र संघ के आह्वान पर आदिवासी मंडल भिलाई के तत्वावधान में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस का भव्य आयोजन रिसाली स्थित दशहरा मैदान में किया जाएगा.
कार्यक्रम की शुरुआत पावर हाउस चौक पर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी. इसके बाद सेक्टर-1 से रैली निकाली जाएगी. यह रैली मुर्गा चौक, सेक्टर-2, सेक्टर-5, परिवार चौक, ग्लोब चौक और डीपीएस रिसाली चौक होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां यह जनसभा में परिवर्तित हो जाएगी. रैली के दौरान आदिवासी समाज पारंपरिक परिधानों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक झांकियों के माध्यम से अपनी जीवनशैली, संवैधानिक अधिकारों तथा जल-जंगल-जमीन के संरक्षण का सशक्त संदेश देगा.
प्रमुख अतिथि एवं वक्ता
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर होंगे. वहीं, मुख्य वक्ता के रूप में नागपुर से बिरसा ब्रिगेड के प्रमुख सतीश पेंदाम उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता गीता लाल मंडावी करेंगे.

