किसानों की सुविधा के लिए गांव-गांव एग्रीस्टैक पंजीयन अभियान
पंजीयन में आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आधार अपडेट शिविर
बलरामपुर- जिले में किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में एग्रीस्टैक पंजीयन अभियान निरंतर जारी है. किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शिविर एवं गांव-गांव पहुंचकर किसानों का पंजीयन कर रही है.
एग्रीस्टेक के माध्यम से प्रत्येक किसान की डिजिटल किसान पहचान तैयार की जा रही है. इससे किसान की भूमि एवं कृषि संबंधी जानकारी का एकीकृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा तथा शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा.
इसी कड़ी में ऐसे कृषक जिनका आधार अपडेट के अभाव में एग्रीस्टेक पंजीयन करने में समस्या आ रही थी, उनका आधार अपडेट करने हेतु आधार शिविर भी आयोजित किया जा रहा है. जिसके अंतर्गत आज विकासखण्ड बलरामपुर में डौरा, पस्ता, महाराजगंज, बरदर, जरहाडीह, तातापानी, विकासखण्ड वाड्रफनगर अंतर्गत तहसील रघुनाथनगर एवं वाड्रफनगर, बरतीकला, बसंतपुर, बलंगी, चलगली, बडकागांव, विकासखण्ड शंकरगढ़ अंतर्गत हरगवां, सिहर, विकासखण्ड राजपुर अंतर्गत गोपालपुर, भिलाइखुर्द में शिविर आयोजित हुआ, जहां किसानों का आधार अपडेट किया गया. जिससे किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन में सुविधा होगी. शेष बचे किसानों के लिए 05 अगस्त 2026 को भी उक्त स्थानों में शिविर का आयोजन किया जाएगा.
एग्रीस्टैक पंजीयन नहीं कराने पर हो सकती हैं ये असुविधाएं
समय पर एग्रीस्टैक पंजीयन नहीं कराने पर भविष्य में धान खरीदी, किसान पंजीयन, डिजिटल कृषि सेवाओं तथा किसान रजिस्ट्री आधारित शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है. एग्रीस्टैक पंजीयन से कृषि योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल होगी.धान खरीदी सहित किसान रजिस्ट्री आधारित प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी. भूमि एवं कृषि संबंधी जानकारी का प्रमाणित डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा.

