तेज हवा या बारिश में हो सकता है बड़ा हादसा !
रामानुजगंज- नगर के सबसे व्यस्त एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्र पीपल चौक में स्थित पीपल के पेड़ का एक सूखा डंगाल बाजार की ओर झुक गया है, जिससे कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है. पूरे दिन लोगों की आवाजाही रहने तथा आसपास दुकानें होने के कारण स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है.
स्थानीय नागरिक कांग्रेस नेता अजय सोनी, संजय गुप्ता, शक्ति सोनी, अजय गुप्ता गुड्डू सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि संभावित दुर्घटना को देखते हुए सूखे डंगाल को तत्काल कटवाया जाए. उनका कहना है कि यदि समय रहते इसे नहीं हटाया गया तो तेज हवा या बारिश के दौरान यह गिरकर किसी बड़ी जनहानि या संपत्ति के नुकसान का कारण बन सकता है.
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे तथा सूखे डंगाल को शीघ्र कटवाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना से पहले खतरे को समाप्त किया जाना आवश्यक है.

