डीडी नगर में किराए का मकान लेकर सट्टा चला रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप, मोबाइल और वाईफाई राउटर जब्त
रायपुर – ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोल चौक स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर ‘ऑस्कर ऑनलाइन सट्टा ऐप’ के जरिए सट्टा संचालित कर रहे 3 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के सतत मार्गदर्शन में 1 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने गोल चौक स्थित संदिग्ध मकान में रेड मारी. मौके से तीन युवक विभिन्न ऑनलाइन गेम और इवेंट्स पर सट्टा खिलवाते हुए पकड़े गए. पूछताछ में अपना नाम देव कुमार साहू, कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू एवं आकाश खाण्डेकर होना बताया. टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें लैपटॉप एवं मोबाईल फोन को चेक करने पर उनके द्वारा ओस्कर ऑन लाईन सट्टा ऐप में विभिन्न प्रकार के गेम एवं इवेंट्स पर ऑन लाईन सट्टा संचालित करना पाया गया. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से प्रकरण से संबंधित 07 नग मोबाईल फोन, 01 नग लैपटॉप, नगदी रकम 17,200 एवं वाईफाई राउटर जुमला कीमती लगभग 2,00,000/- रूपये जप्त की. पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 457/26, धारा 7 (छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है.
गिरफ्तार आरोपियों से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, संचालकों एवं आर्थिक लेन-देन के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है. प्रकरण की विवेचना जारी है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी.
गिरफ्तार आरोपी
- देव कुमार साहू पिता महेश राम साहू उम्र 24 साल निवासी पुरगांव थाना बिलाईगढ़ जिला सारगंढ़-बिलाईगढ़. हाल पता – किराये का मकान गोल चौक पास थाना डी डी नगर रायपुर.
- कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू पिता पूरन दास मानिकपुरी उम्र 23 साल निवासी ग्राम लिमतरी थाना बिलाईगढ़ जिला सारगंढ़-बिलाईगढ़. हाल पता – किराये का मकान गोल चौक पास थाना डी डी नगर रायपुर.
- आकाश खाण्डेकर पिता लक्ष्मी नारायण खाण्डेकर उम्र 23 साल निवासी ग्राम लिमतरी थाना बिलाईगढ़ जिला सारगंढ़-बिलाईगढ़. हाल पता – किराये का मकान गोल चौक पास थाना डी डी नगर रायपुर.

