जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के 2 प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या
रायपुर- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से एक दर्दनाक और कायराना आतंकी घटना सामने आई है. कुलगाम के केल्लाम इलाके में आतंकवादियों ने छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो श्रमिकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है.
मृतकों की पहचान
हमले में जान गंवाने वाले श्रमिकों की पहचान दीपक रात्रे (24) और भूपेंद्र कुमार (28) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के निवासी थे और वहां अपनी आजीविका कमाने के लिए गए हुए थे. दीपक रात्रे सक्ती जिला के बुंदेली गांव और भूपेंद्र भैना सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव के रहने वाले थे. अधिकारियों के अनुसार हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम में हुआ.
सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया है. आतंकवादियों को पकड़ने के लिए इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन (घेराबंदी और तलाश) चलाया जा रहा है.
प्रशासनिक प्रतिक्रिया और शोक
इस नृशंस हत्या के बाद स्थानीय प्रशासन और जनमानस में भारी आक्रोश है. निर्दोष श्रमिकों पर हुए इस हमले की चौतरफा निंदा की जा रही है. पीड़ितों के शवों को उनके पैतृक गांव भेजने के लिए आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं.

