निकलेगी बाइक रैली और सजेगी लोक कला की महफिल
SKDV मिशन का आयोजन, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे मुख्य अतिथि
राजनांदगांव- छत्तीसगढ़ का प्रथम लोक पर्व ‘हरेली’ इस बार संस्कारधानी नगरी राजनांदगांव में बेहद धूमधाम से मनाया जा रहा है. पर्व के सप्ताह भर पहले, 2 अगस्त को शहर के स्टेट स्कूल मैदान में “प्रदेश स्तरीय वृहद हरेली महोत्सव एवं पर्यावरण नवजागरण सभा” का विशाल आयोजन होने जा रहा है. ‘सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन’ (SKDV मिशन) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक-संस्कृति, पारंपरिक खेल, लोक-संगीत और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.
नीम की पत्तियों की माला से होगा अतिथियों का ‘हरेली जोहार’
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसकेडीवी मिशन के महासचिव एमन दास, प्रगतिशील कृषक एवं सामाजिक कार्यकर्ता बिसेसर दास, मिशन के राष्ट्रीय प्रतिनिधि प्रमोद साहू, राज्य प्रतिनिधि महंत आरती दास, जिला प्रतिनिधि उत्तम साहू आदि) ने बताया कि सद्गुरु कबीर साहेब की कृपा तथा पंथ हुजूर प्रकाशमुनि नाम साहेब व पंथ हुजूर उदितमुनि नाम साहेब के आशीर्वाद से यह आयोजन किया जा रहा है. जिसमें पूरे प्रदेश भर के कबीर अनुयाई और हरित प्रेमी जनों सहित छत्तीसगढ़ी लोक कला अनुरागियों का जमावड़ा होने जा रहा है.
टेड़ेसरा से निकलेगी विशाल बाईक रैली
प्रेस वार्ता में बताया गया है कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना और वृक्षारोपण करना है. इसके साथ ही अचंल के प्रथम त्यौहार हरेली का आयोजन वृह रूप से किया जाएगा जिसमें टेड़ेसरा आश्रम में वृक्षारोपण पश्चात बाईक रैली शोभायात्र के रूप में शहर के कबीर चौक पहुंचेगी फिर वहां से हरेली रैली शोभायात्रा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सांस्कृतिक लोक गीत नृत्य के साथ आगे बढ़ते हुए कार्यक्रम स्थल स्टेट स्कूल मैदान पहुंचेगी. जहाँ पर छत्तीसगढ़ के लोक खेल- जैसे फुगड़ी, गेड़ी दौड़, रस्सी खिच जैसे अनेक खेल का आयोजन किया गया है.
कबीर अनुयाई बिसेसर दास ने बताया कि इस पारंपरिक खेल आयोजन में कबीर पंथियों के अलावा कोई भी आम जन निःशुल्क भाग ले सकते है. भाग लेने वाले एवं विजेता खिलाड़ी को एसकेडीवी मिशन द्वारा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित कर लोक खेल के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
छत्तीसगढ़ी व्यंजन और लोक गीत- संगीत से गमकेगा आयोजन
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ी व्यंजन का स्वाद लिया जा सकेगा. जिसका सामुहिक आनंद हेतु सबके लिए बराबर का अवसर रखा गया है. इसके अलावा सुप्रसिद्ध गायिका कविता वासनिक का गायन, तरूणा साहू की पंडवानी,हिमानी वासनिक का भरथरी की प्रस्तुति के साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध बांसगीत का भी मंचीय प्रस्तुति आयोजित है. इसके साथ ही बस्तर के कलाकारों को भी लोक नृत्य पारंपरिक प्रस्तुति हेतु आमंत्रित किया गया है.
प्रमुख अतिथि और महाप्रसाद भंडारा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमनसिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डे, महापौर मधुसूदन यादव की गरिमामय उपस्थिति सहित एसकेडीवी मिशन के राष्ट्रीय एवं राज्य प्रतिनिधि ,शासन-प्रशासन के अनेक जन प्रतिनिधि, समाज प्रमुख, एसकेडीवी मिशन के तहसील एवं ग्रामीण प्रतिनिधि सहित लगभग 15 से 20 हजार कबीरपंथी अनुयायी एवं आमजन के शामिल होने जा रहे है. कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी आगंतुकों के लिए सद्गुरू भोजन भण्डारे, भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है.

