भिलाई । छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए शुक्रवार को दुर्ग जिले की 53 सदस्यीय टीम रायपुर के नरदाहा स्थित आंजनेय यूनिवर्सिटी के लिए रवाना हुई. टीम में 26 बालक एवं 27 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं.
कारा कु जु बो काई कान फुल कॉन्टैक्ट कराटे संस्था के डायरेक्टर सेन्साई गिरी राव के मार्गदर्शन में टीम को संस्था के सीनियर ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षक जे.पी. राजू के नेतृत्व में प्रतियोगिता के लिए रवाना किया गया. इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर सेन्साई गिरी राव के साथ बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और टीम का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दीं.
टीम के साथ प्रशिक्षकों में गांधी सोनी, सुभाष सोनी और काजल बेहरा शामिल हैं, जबकि वरिष्ठ खिलाड़ियों में दीपेश आहुजा, मोनप्रीत कौर लहरी और निहार रंजन त्रिपाठी भी टीम के साथ मौजूद हैं.
कोच जे.पी. राजू ने बताया कि टीम के सभी खिलाड़ी कारा कु जु बो काई कान फुल कॉन्टैक्ट कराटे संस्था से जुड़े हुए हैं और सभी ने प्रतियोगिता के लिए कड़ा अभ्यास किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि दुर्ग जिले की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक और ट्रॉफी जीतकर जिले का नाम रोशन करेगी.


