साजा विधायक ईश्वर साहू पर सरकारी फंड के दुरुपयोग का आरोप, कांग्रेस ने उठाई कार्रवाई की मांग
रायपुर- छत्तीसगढ़ की साजा विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि के उपयोग को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने साजा विधायक ईश्वर साहू पर विधायक निधि से 120 कम्प्यूटरों की खरीदी में करीब 70 लाख रुपये की हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया है. कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक ईश्वर साहू के विधायक निधि से 120 कम्पूयटर की खरीदी की गई जो बाजार भाव से 4 गुना महंगी एवं पुराने मॉडल की है. इस खरीदी में 70 लाख रुपया की गड़बड़ी हुई है. ये कम्प्यूटर खरीदी घोटाला है. जिन स्कूलों में कम्प्यूटर दी गई उनके द्वारा कम्प्यूटर की मांग नहीं की गई है, स्कूलों में गुमनाम फर्म ने जबरदस्ती कम्प्यूटर पहुँचा कर प्रमुखों से पावती ले लिया. स्कूलों को कंप्यूटर सप्लाई करने वाले फर्म की कोई जानकारी नहीं है. कम्प्यूटर में कोई तकनीकी खराबी आयेगी तो किसे सम्पर्क करें ये तय नहीं है. स्कूलों में कम्प्यूटर रखने की जगह नहीं है, कम्प्यूटर पढ़ने वाले छात्र है, डंगनिया स्कूल में कम्प्यूटर सप्लायर ने स्कूल में कम्प्यूटर इंस्टाल करने के बाद स्कूल के प्रमुख के साथ फोटो खिंचाई और कम्प्यूटर वापस लेकर चले गये जानकारी दी कि ये कम्प्यूटर विधायक ईश्वर साहू के घर देना है.
उन्होंने कहा कि ये तो सीधा-सीधा विधायक निधि घोटाला है. विधायक निधि क्षेत्र की जनता के हित में खर्च करने के लिए होता है. लेकिन यहां तो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई. कम्प्यूटर खरीदी की आड़ में भारी गड़बड़ी की गई. 70 लाख रु. की गड़बड़ी सामने आयी है. ये जनता की गाढ़ी कमाई से मिले टैक्स का पैसा है. इस पूरे मामले की जांच की जाये. विधायक ईश्वर साहू पर कार्यवाही हो.


