खेत में काम करते समय अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौत
अम्बिकापुर/सरगुजा- जिला के कमलेश्वरपुर थाना अंतर्गत टिकरापारा गांव में खेत की मताई के दौरान एक भीषण हादसा हो गया. अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से 26 वर्षीय चालक की मौके पर ही दबकर दर्दनाक मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेन्द्र तिग्गा (26 वर्ष) अपने खेत में ट्रैक्टर से काम कर रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. चालक सुरेन्द्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह भारी-भरकम ट्रैक्टर के नीचे ही दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही सांसें थम गईं.
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई. कमलेश्वरपुर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकलवाया.


