आकाशीय बिजली का कहर, खेत में रोपा लगा रहे 3 ग्रामीणों की मौत
कोरबा- जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत सलोरा-छुरी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में धान का रोपा लगा रहे ग्रामीणों पर अचानक आकाशीय बिजली (गाज) गिर गई, जिसकी चपेट में आने से तीन किसानों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के मुताबिक, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण एक साथ धान की रोपाई कर रहे थे. इसी दौरान मौसम बदल गया और खेत की मेढ़ पर सीधे आकाशीय बिजली आकर गिरी, जिसकी चपेट में तीन ग्रामीण आ गए. घटना के बाद आनन-फानन में तीनों को सीएचसी कटघोरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. इधर कटघोरा पुलिस मर्ग पंचनामा कर जांच में जुट गई है.


