रुआंबांधा में नई पुलिस चौकी: पूर्ण बहादुर बने प्रभारी, 6 जवानों की हुई तैनाती
दुर्ग- दुर्ग पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रुआंबांधा क्षेत्र में नई पुलिस चौकी की शुरुआत कर दी है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है. नई चौकी का नाम पुलिस चौकी रुआंबांधा रखा गया है.
जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक दृष्टिकोण से उप निरीक्षक पूर्ण बहादुर को भिलाई नगर थाने से स्थानांतरित कर रुआंबांधा चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. चौकी के सुचारु और प्रभावी संचालन के लिए प्रभारी के अलावा 6 पुलिस जवानों की तैनाती भी की गई है. इनमें प्रधान आरक्षक राकेश सिंह, विनय साव तथा आरक्षक इशरार खान, बीरेंद्र साहू, दोलेस कुमार ठाकुर और उदय निषाद शामिल हैं. इन कर्मचारियों का स्थानांतरण भिलाई नगर थाना और रक्षित केंद्र (रिजर्व पुलिस लाइन) दुर्ग से किया गया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रुआंबांधा और उसके आसपास के इलाकों में तेजी से आबादी बढ़ने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. नई चौकी स्थापित होने से अब स्थानीय निवासियों को किसी भी शिकायत या आकस्मिक पुलिस सहायता के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.



