2 साल से भटक रही दिवंगत कर्मचारी की पत्नी को कलेक्टर के निर्देश पर मिली डुप्लीकेट सेवा पुस्तिका

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की संवेदनशीलता से दिवंगत शासकीय कर्मचारी की पत्नी की वर्षों से लंबित समस्या का त्वरित समाधान हुआ. कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा उन्हें सेवा पुस्तिका की सत्यापित डुप्लीकेट प्रति उपलब्ध करा दी गई, जिससे उनकी आगे की शासकीय प्रक्रियाएं सुगमता से पूरी हो सकेंगी.
प्रतिभा के पति स्वर्गीय सुशील कुमार बखला जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ थे. लगभग दो वर्ष पूर्व उनके निधन के बाद उनकी पत्नी प्रतिभा बखला को विभिन्न शासकीय प्रक्रियाओं के लिए सेवा पुस्तिका की सत्यापित डुप्लीकेट प्रति की आवश्यकता थी. उन्होंने बताया कि कई बार कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करने के पश्चात भी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त नहीं मिल पाया.
समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर प्रतिभा बखला ने 20 जुलाई 2026 को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी से मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश देते हुए सेवा पुस्तिका की सत्यापित डुप्लीकेट प्रति शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
कलेक्टर के निर्देश के पालन में जिला शिक्षा अधिकारी ने उसी दिन त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिभा बखला को सेवा पुस्तिका की सत्यापित डुप्लीकेट प्रति उपलब्ध करा दी. दस्तावेज प्राप्त होने पर उन्होंने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर सहायता मिलने से अब उनकी आवश्यक शासकीय प्रक्रियाएं आसानी से पूरी हो सकेंगी.
गौरतलब है कि जिले में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के नेतृत्व में जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा रहा है, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है.
