जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में संचालित कार्यों की गहन समीक्षा

बलरामपुर- कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष चंदन संजय त्रिपाठी ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया. बैठक में जिले में संचालित नल-जल योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि जल जीवन मिशन केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली जनकल्याणकारी योजना है. इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए पानी टंकियों, घरेलू नल कनेक्शनों तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं का निर्माण समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए. बैठक में पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान पर चर्चा की गई. जिसमें कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को पूर्ण योजनाओं के भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया. समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को कार्य में रुचि नहीं लेने तथा प्रगति में अनावश्यक विलंब करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्टिंग एवं अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
बैठक में उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग, क्रेडा तथा एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत सोलर स्थापना कार्य लंबित होने पर क्रेडा विभाग को स्थापना कार्य किए जाने एवं पूर्व में स्थापित सोलर में बंद सोलर को पुनः चालु करने हेतु निर्देश दिये. साथ ही विद्युत जल जीवन मिशन कार्यों में प्रदान किये गये विद्युत कनेक्शन में लो वोल्टेज की समस्या पर कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल को विद्युत व्यवस्था किये जाने हेतु निर्देश दिया गया.
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर मिशन मोड में कार्य करते हुए योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें.
कलेक्टर ने कहा कि नियमित मैदानी निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग से कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकता है. उन्होंने प्रत्येक योजना की प्रगति की निरंतर समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
बैठक में जिले के जल जीवन मिशन अंतर्गत पूर्ण 38 ग्राम पंचायतों में सुघ्घर छत्तीसगढ़ कार्यक्रम के आयोजन पर भी चर्चा की गई. इस दौरान ग्राम पंचायतों में जल स्त्रोतों, एफटीके कीट के माध्यम से जल बहिनियों द्वारा किये जा रहे परीक्षण की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिया गया.
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता पंकज जैन, क्रेडा अधिकारी संदीप मार्काे, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता बर्मन सहित संबंधित अधिकारी एवं सदस्यगण व ठेकेदार उपस्थित थे.
