जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समय-सीमा की बैठक पश्चात आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरतापूर्वक सुनीं. जनदर्शन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी मांग, समस्यायें एवं शिकायत से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए.
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आम जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है. इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ समाधान करें. ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने कहा कि आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित कर इसकी जानकारी आवेदको को भी उपलब्ध कराएं.
