कलेक्टर के मार्गदर्शन में स्कूली विद्यार्थियों के लिए आयोजित हो रही विशेष शिविर

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के स्कूली विद्यार्थियों को समय पर जाति, निवास एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. जिससे विद्यार्थियों को शैक्षणिक प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो सुनिश्चित की जा रही है. जिसके तहत विभिन्न विद्यालयों में राजस्व विभाग द्वारा विशेष शिविर लगाकर विद्यार्थियों के आवेदन प्राप्त किया जा रहा हैं. शिविरों में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ ही आवेदन भरने, दस्तावेजों का सत्यापन तथा प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है.

राजस्व विभाग के अधिकारी एवं मैदानी अमला विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों के आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं. इससे विद्यार्थियों को तहसील कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और उन्हें समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है.
प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने विकासखंड में निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर जाति, निवास एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन करें, ताकि भविष्य में प्रवेश, छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सके.
